अजय झा बने खेलो इंडिया जनजातीय खेल 2026 में मलखंब के तकनीकी पदाधिकारी

राँची : बी.एस.पी. उच्च विद्यालय, सेक्टर-2, धुर्वा, राँची के शारीरिक शिक्षा शिक्षक सह झारखंड मलखंब अकादमी, राँची के निदेशक अजय झा को प्रथम संस्करण खेलो इंडिया जनजातीय खेल 2026 में मलखंब प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु झारखंड से एकमात्र तकनीकी पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
यह प्रतियोगिता 2 अप्रैल से 4 अप्रैल 2026 तक छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला अंतर्गत अंबिकापुर स्थित गांधी स्टेडियम में आयोजित होगी। अजय झा को 31 मार्च को रिपोर्ट करना है।
अजय झा झारखंड के वरिष्ठ शारीरिक शिक्षा शिक्षकों में से एक हैं और पिछले 34 वर्षों से शिक्षण कार्य के साथ-साथ विभिन्न खेलों—मलखंब, खो-खो, कबड्डी, आत्या-पात्या, योग, क्रिकेट, फुटबॉल, स्क्वैश, एथलेटिक्स एवं बैडमिंटन—में हजारों खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक प्रशिक्षित कर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि वे झारखंड के पहले तकनीकी अधिकारी हैं, जिन्हें मलखंब खेल में लगातार कई वर्षों से खेलो इंडिया के विभिन्न आयोजनों में तकनीकी अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाता रहा है। इससे पूर्व वे खेलो इंडिया यूथ गेम्स (पंचकुला, उज्जैन), नेशनल गेम्स (अहमदाबाद, पणजी), विश्व चैंपियनशिप (भूटान), खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (गुवाहाटी), नेशनल बीच गेम्स (दीव-दमन) तथा एस.जी.एफ.आई. (स्कूली खेल) सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।
वर्तमान में अजय झा झारखंड राज्य मलखंब संघ के महासचिव एवं मलखंब फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा पदाधिकारी राँची विनय कुमार, प्रधान लिपिक जितेंद्र सिन्हा, राज्याध्यक्ष जगदीश सिंह ‘जग्गू’, अखिलेश्वर उपाध्याय, चंद्रकांत लाल, आशुतोष द्विवेदी, राजीव रंजन, सहजाद कुरैशी, अमरेंद्र दत्त द्विवेदी, उमाकांत उरांव, नीतेश कुमार साहू, एकता झा, विवेक कुमार, शुभम सिंह, संजय कुमार, सरिता कुमारी, निखिल कुमार, वेदप्रकाश तिवारी, खुशबू कुमारी, छवि झा, मुकेश कुमार, दीपक कुमार, रौशन कुमार सहित बी.एस.पी. विद्यालय, धुर्वा के सचिव सजल बनर्जी, प्रधानाध्यापिका मंजू रानी डे, झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक, कोषाध्यक्ष शिवेंद्र कुमार, चंचल भट्टाचार्य एवं जिला खेल पदाधिकारी राँची शिवेंद्र कुमार समेत कई गणमान्य लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
