असम के जोरहाट एयरबेस पर वायुसेना का AN-32 विमान हादसे का शिकार, 5 जवानों की मौत

नई दिल्ली/जोरहाट: असम के जोरहाट स्थित रौरिया (Rowriah) वायुसेना स्टेशन पर शनिवार सुबह भारतीय वायुसेना का एक AN-32 मालवाहक विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में पायलट सहित पांच वायुसेना कर्मियों की मौत हो गई, जबकि सह-पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया। भारतीय वायुसेना ने घटना की पुष्टि करते हुए हादसे के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब 10 बजे उस समय हुआ जब AN-32 विमान नियमित उड़ान (रूटीन सॉर्टी) पूरी कर जोरहाट एयरबेस पर उतरने की प्रक्रिया में था। लैंडिंग के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें भीषण आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद विमान दो हिस्सों में टूट गया, जिससे बचाव कार्य और भी चुनौतीपूर्ण हो गया।
मृतकों की पहचान
भारतीय वायुसेना ने हादसे में जान गंवाने वाले पांच जवानों की पहचान जारी की है। इनमें स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम शामिल हैं। सह-पायलट को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही एयरबेस पर तैनात फायर ब्रिगेड और आपातकालीन बचाव दल मौके पर पहुंच गए। आग पर काबू पाने और घायलों को निकालने के लिए तत्काल अभियान चलाया गया। वरिष्ठ वायुसेना अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
क्या है AN-32 विमान की भूमिका
AN-32 भारतीय वायुसेना का महत्वपूर्ण परिवहन विमान है, जिसका उपयोग सैनिकों, सैन्य उपकरणों, रसद सामग्री और आवश्यक आपूर्ति को दुर्गम एवं सामरिक क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए किया जाता है। यह विमान विशेष रूप से पहाड़ी और सीमावर्ती इलाकों में अपनी उपयोगिता के लिए जाना जाता है।
हादसे के कारणों की होगी जांच
भारतीय वायुसेना ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि विमान नियमित उड़ान पर था और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी गठित कर दी गई है। वायुसेना ने लोगों से अपील की है कि जांच के शुरुआती निष्कर्ष सामने आने तक किसी भी प्रकार की अटकलों से बचें
