Ahoi Ashtami 2026: प्रणामी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
रांची, 1 नवंबर। अहोई अष्टमी के पावन अवसर पर रविवार को पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की ओर से परमहंस डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में 291वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन भी किया गया। इसमें दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
राधा रानी का हुआ विशेष श्रृंगार
अवसर पर मंदिर में भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्री राधा रानी का आकर्षक आभूषणों और फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया। दोपहर 12 बजे पुजारी पंडित अरविंद कुमार पांडेय ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। इसके बाद भगवान को महाप्रसाद अर्पित किया गया।
पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच वेजिटेबल खिचड़ी, जूस और आलू चिप्स का वितरण किया गया। दो हजार से अधिक भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
भजन संध्या के बाद हुई महाआरती
कार्यक्रम के दौरान आयोजित भजन संध्या में भजन गायक मनीष सोनी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। इसके बाद सामूहिक महाआरती आयोजित की गई।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने कहा कि अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद धार्मिक आस्था के साथ सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का संदेश देता है।
आयोजन में राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, पूर्णमल सर्राफ, अरविंद अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया और विष्णु सोनी सहित ट्रस्ट के कई सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और अन्य लोग उपस्थित रहे।
