झारखंड में दो वर्षों बाद मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना की फिर से शुरुआत, किसानों को मिले आधुनिक कृषि यंत्र
रांची: झारखंड में दो साल के अंतराल के बाद मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना की फिर से शुरुआत हो गई है। गुरुवार को खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने योजना का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्य के किसानों के बीच चार करोड़ रुपये मूल्य के आधुनिक कृषि यंत्रों का वितरण किया गया।
इस मौके पर कुल 32 किसानों को बड़े ट्रैक्टर, दो को मिनी ट्रैक्टर, दो को सोलर पंप सेट, और 55 किसानों को सामान्य पंप सेट प्रदान किए गए। मंत्री ने इस योजना को मुख्यमंत्री की किसान-हितैषी सोच का परिणाम बताया और कहा कि इसका उद्देश्य किसानों को मजदूर नहीं, व्यापारी बनाना है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत बड़े ट्रैक्टर पर 50% और मिनी ट्रैक्टर पर 80% तक की सब्सिडी दी जा रही है। पात्र किसान एस्क्रो अकाउंट के माध्यम से अंशदान राशि जमा कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
मंत्री ने किसानों को योजना से जुड़े फर्जी कॉल और दलालों से सावधान रहने की सलाह दी और पारदर्शी प्रक्रिया को अपनाने पर बल दिया। साथ ही किसानों से आग्रह किया कि वे कृषि विभाग की योजनाओं के प्रति जागरूक और सजग रहें। उन्होंने यह भी बताया कि किसान समृद्धि योजना के तहत अब तक 2,100 लाभुकों को लाभ दिया जा चुका है और आगे 8,000 किसानों को इसका लाभ मिलना है।
कार्यक्रम में कांके विधायक सुरेश बैठा ने भी किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि मंत्री किसानों के हित में लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने विभाग की दूध उत्पादन, मछली पालन, गाय वितरण, मुर्गी और बत्तख पालन जैसी योजनाओं की सराहना की।
इस अवसर पर भूमि संरक्षण निदेशालय के निदेशक अशोक सम्राट, संयुक्त सचिव रविशंकर विद्यार्थी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कई अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम ने किसानों में नई ऊर्जा और उम्मीद जगाई, जिससे कृषि को और अधिक तकनीकी, लाभकारी और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह कदम मील का पत्थर साबित हो सकता है।
