Home

नगर निगम चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां हुई तेज

धनबाद, 1 नवंबर । आगामी नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से धनबाद पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया।

पॉलिटेक्निक परिसर को चुनावी दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल के रूप में चयनित किया गया है, जहां से ईवीएम मशीनों का डिस्पैच, रिसीविंग और मतगणना कार्य संपन्न किया जा सके। निरीक्षण के क्रम में दोनों वरीय पदाधिकारियों ने परिसर में स्ट्रांग रूम, मतगणना केंद्र, नियंत्रण कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रवेश–निकास द्वारों की निगरानी प्रणाली के लिए विस्तृत अवलोकन किया।

उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार लगातार निर्देश दे रही है कि आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियां शुरू करनी हैं। एहतियात के तौर पर दो-तीन स्थानों का निरीक्षण किया जाएगा, ताकि जो बेहतरीन व्यवस्थाएं हो सके वो हम लोग करें। साथ ही सबसे महत्वपूर्ण है कि मतदान कर्मियों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाया जाएगा। इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी सिस्टम, बैरिकेडिंग, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था और वॉच टावर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *