Home

दुर्गा पूजा के पंडाल का विधि-विधान से हुआ भूमि-पूजन और खूंटी पूजन

पूर्वी सिंहभूम, 20 सितंबर । मानगो एनएच-33 स्थित आशियाना अनंतारा सोसाइटी में रविवार को शारदीय नवरात्र और मां दुर्गा की आराधना की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हुआ। दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा पंडाल के लिए भूमि पूजन और खूंटी पूजन संपन्न कराया गया।

इस दौरान सोसाइटी के लोगों ने मां दुर्गा का आह्वान करते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं ने धार्मिक वातावरण में पूजा-अर्चना की और आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष विकास सिंह ने बताया कि आशियाना अनंतारा में दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सोसाइटी के लोगों को एकजुट करने वाला सामूहिक पर्व भी है।

उल्लेखनीय है कि कलश स्थापना के साथ ही प्रतिदिन महिलाएं सामूहिक रूप से मां दुर्गा का पाठ करती हैं। पूजा के दौरान पूरे परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाता है, जिससे सोसाइटी का वातावरण भक्तिमय हो जाता है।

उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की सहभागिता से प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। वहीं, सोसाइटी के सभी परिवार मिलकर प्रसाद ग्रहण करते हैं और रात्रि में सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी की जाती है। इस तरह पूजा के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को भी बढ़ावा दिया जाता है।

भूमि एवं खूंटी पूजन में विकास सिंह, डॉ राम कुमार, राजकुमार सिंह, सूरज सिंह, लक्ष्मी सिंह, भगवान प्रसाद, नागेंद्र प्रसाद, एके शर्मा, आरके शरण, अमोल महतो सहित सोसाइटी के कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *