बिहार में अदाणी समूह की बड़ी स्वास्थ्य पहल, नेत्र चिकित्सा के लिए 150 करोड़ का निवेश

अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने ‘सेवा ही साधना है’ के मूलमंत्र से प्रेरित होकर आज बिहार में 150 करोड़ रुपये की बड़ी नेत्र स्वास्थ्य सेवा की नींव रखी। इस पहल के जरिए ग्रामीण इलाकों में सस्ती दरों पर आंखों का इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। ग्रामीण इलाकों में नेत्र चिकित्सा परियोजना के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के अलावा गौतम अदाणी ने देशभर में नेत्र स्वास्थ्य से जुड़े दूसरे बड़े मिशन की घोषणा भी की। मस्तीचक में शुरू की जा रही इस पहल से हर साल लगभग 3.3 लाख आंखों की सर्जरी मुमकिन हो सकेगी। इसके साथ ही हर साल आंखों की देखभाल के क्षेत्र में 1,000 हेल्थ प्रोफेशनल को ट्रेनिंग भी दी जाएगी। इन पहल आंखों के इलाज के क्षेत्र में दुनिया के सबसे बड़े ग्रामीण नेत्र चिकित्सा नेटवर्क में से एक बन सकती है।
इस मौके पर गौतम अदाणी ने कहा, “आज बिहार की पवित्र धरती मस्तीचक आकर मन गर्व, भावनाओं और आत्मीयता से भर गया।
गायत्री शक्तिपीठ पहुँचकर एक अलग ऊर्जा और आध्यात्मिक प्रेरणा का अनुभव हुआ। यह स्थान केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, संस्कार और सामाजिक जागरण का एक सशक्त केंद्र बनकर उभर रहा है। गायत्री परिवार, अखंड ज्योति और आदरणीय मृत्युंजय जी के इस असाधारण कार्य के लिए उन्हें हार्दिक साधुवाद। किसी व्यक्ति की आँखों की रोशनी लौटाना केवल इलाज नहीं होता…यह उसके जीवन में फिर से उम्मीद, आत्मविश्वास और सम्मान लौटाने का पुण्य काम है। मानवता के लिए इससे बड़ी सेवा शायद ही कुछ और हो सकती है। हमारे लिए भी “सेवा ही साधना है” कोई नारा नहीं, बल्कि करुणा को कर्म में बदलने की प्रेरणा है। बिहार हमेशा से राष्ट्र को नई चेतना देने वाली धरती रही है। यह पुनीत मुहिम उसी सेवा भावना, संस्कार और समर्पण के माध्यम से देश को नई रोशनी देने का प्रयास है।“
अदाणी समूह की सीएसआर इकाई अदाणी फाउंडेशन, अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के कार्यों को और मजबूती प्रदान करने के लिए 150 करोड़ रुपये का सहयोग देगी। इस राशि से मस्तीचक में अदाणी सेंटर फॉर आई (ACE) और अदाणी ट्रेनिंग इन ऑप्थैल्मिक मेडिसिन (ATOM) की स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम के तहत 10 एंबुलेंस को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इससे बिहार और आसपास के दूरदराज गांवों तक आंखों के इलाज को पहुंचाया जा सकेगा।

मिलेगा सस्ता और बेहतर इलाज
ACE एक ऐसा अस्पताल होगा जहां आसपास के क्षेत्रों से आए आम लोगों को सस्ते और बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। वहीं ATOM में आंखों के डॉक्टर, सहायक कर्मचारी और सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि गांवों में आंखों के इलाज की सुविधा और मजबूत हो सके। गौतम अदाणी ने मस्तीचक में शुरू की गई पहल को लंबे समय तक सुचारु रूप से चलाए रखने के लिए संचालन सहयोग की भी घोषणा की। मस्तीचक में हुए भूमि पूजन कार्यक्रम में गौतम अदाणी के साथ अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अदाणी और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृत्युंजय तिवारी उपस्थित रहे।
