Home

वाहन चोरी मामले का आरोपित गिरफ्तार, चोरी की बाइक और ऑटो बरामद

पूर्वी सिंहभूम, 21 अगस्त । आजादनगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का त्वरित उद्भेदन करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान दानिश अंसारी उर्फ राजा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं, पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया एक ऑटो रिक्शा भी बरामद किया गया।

बरामद बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच -05 डीएफ 4606, जबकि ऑटो रिक्शा का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच -05एजी -7622 है।

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को कपाली ओपी क्षेत्र के डूमडुबी निवासी मो विक्की की बाइक बावनगोड़ा चौक स्थित नूरानी मस्जिद के समीप से चोरी हो गई थी। घटना की शिकायत मिलने के बाद आजादनगर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक बाइक ले जाते हुए दिखाई दिया। उसकी उम्र करीब 24 से 25 वर्ष के बीच बताई गई। तकनीकी और अन्य माध्यमों से जांच आगे बढ़ाने पर उसकी पहचान दानिश अंसारी उर्फ राजा के रूप में हुई।

आरोपित की गिरफ्तारी के लिए आजादनगर थाना और कपाली ओपी की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में नूर कॉलोनी रोड नंबर 30 के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने दानिश अंसारी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की बाइक बरामद हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपित ने एक अन्य वाहन चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने हरिजन बस्ती दाईगुटू से ऑटो रिक्शा चोरी करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर ऑटो रिक्शा बरामद कर लिया।

सीटी एसपी ललित मीणा ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस मामले की जांच आगे भी कर रही है और आरोपित के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दानिश अंसारी के खिलाफ मानगो, सीतारामडेरा और आजादनगर थाना में चोरी सहित अन्य धाराओं में करीब पांच मामले पहले से दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2020 का मानगो थाना मामला, वर्ष 2023 के सीतारामडेरा और आजादनगर थाना के मामले और वर्ष 2025 और 2026 के आजादनगर थाना के मामले शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *