रांची

रांची विश्वविद्यालय में शैक्षणिक अव्यवस्था पर एबीवीपी का विरोध, परीक्षा नियंत्रक को सौंपा ज्ञापन

रांची, 09 अप्रैल । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने रांची विश्वविद्यालय में व्याप्त शैक्षणिक समस्याओं को लेकर गुरुवार को आवाज उठाई। संगठन के रांची विभाग संयोजक उत्कर्ष नंद तिवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक संजय कुमार सिंह से मुलाकात कर विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

एबीवीपी ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि परीक्षाएं समय पर आयोजित की जाएं और शैक्षणिक सत्र को नियमित किया जाए। परिषद ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि छात्रों की सुविधा के लिए एक स्पष्ट और सुव्यवस्थित परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाए, जिसमें परीक्षाओं की तिथियां और उनकी तैयारियों का विस्तृत विवरण हो।

ज्ञापन में परिषद ने सत्र 2022-2026 के सेमेस्टर-6 का परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित करने की मांग की। इसके साथ ही सभी महाविद्यालयों में समय पर मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं आयोजित करने तथा सभी विषयों का सिलेबस छात्रों को समय पर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर एबीवीपी के महानगर मंत्री तुषार ने कहा कि विश्वविद्यालय में सत्र अनियमित रहने और परीक्षाएं समय पर नहीं होने के कारण छात्रों को मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

प्रतिनिधिमंडल में रांची ग्रामीण क्षेत्र से सुभाष प्रजापति और रोहित साहू, जबकि महानगर इकाई से अंकित तिवारी, मिथलेश गुप्ता और कुमार दिव्यांशु सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *