स्कूल बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौ’त, बाजार बंद

Pakur : पाकुड़ के गांधी चौक के पास मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार युवक की स्कूटी एक स्कूल बस की चपेट में आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की शिनाख्त मृदुल साहा के तौर पर की गई है। वह तलवाडांगा का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि मृदुल जियो मार्ट में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि मृदुल की कमाई से ही पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था।
हादसे के बाद लोगों में आक्रोश
वारदात की फैली खबर के बाद आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। देखते ही देखते भीड़ बढ़ गई और लोगों में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि गांधी चौक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित है। भारी वाहनों की आवाजाही पर कोई नियंत्रण नहीं है और नो-एंट्री के बावजूद बड़े वाहन इलाके में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बैरिकेड लगाकर शहर के कई मार्गों पर यातायात बाधित कर दिया। इससे सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर थाना के सामने प्रदर्शन, बाजार बंद
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारी नगर थाना के सामने पहुंच गए। वहां टायर जलाकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की गई और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। करीब 10 बजे के बाद आक्रोशित लोगों ने बाजार बंद करा दिया, जिससे शहर की व्यापारिक गतिविधियां ठप हो गईं। दुकानदारों ने एहतियातन अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
घटना की सूचना पर वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। वहीं, मृतक के परिजन 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग कर रहे हैं। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण हालात को देखते हुए एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
