19 से 21 मई तक राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में लगेगा तीन दिवसीय समर कैंप

“सीखें, खेलें, सृजन करें” थीम पर होंगे खेल, कला और सांस्कृतिक कार्यक्रम
रांची, 15 मई 2026 : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा राज्य के सभी कोटि के सरकारी विद्यालयों में 19 से 21 मई 2026 तक तीन दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह समर कैंप गर्मी की छुट्टी शुरू होने से पूर्व आयोजित किया जा रहा है। राज्य में 22 मई 2026 से ग्रीष्मावकाश निर्धारित है।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रधान को दी गई है।
समर कैंप की थीम “सीखें, खेलें, सृजन करें” रखी गई है। इसके तहत विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक, रचनात्मक और सांस्कृतिक विकास के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
पहले दिन खेल और फिटनेस पर रहेगा जोर
19 मई को “खेल के साथ फिटनेस एवं सृजन के संग बचपन” थीम के अंतर्गत योगाभ्यास, फिटनेस गतिविधियां, दौड़, रस्सीकूद एवं पारंपरिक खेल आयोजित किए जाएंगे। साथ ही स्थानीय संस्कृति से जुड़े खिलौनों एवं कलाकृतियों के निर्माण की गतिविधियां भी कराई जाएंगी।
दूसरे दिन खेल प्रतियोगिता और पोस्टर मेकिंग
20 मई को कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा स्वच्छता, पर्यावरण एवं खेल संरक्षण विषय पर पोस्टर निर्माण, विद्यालय बैंड एवं समूह गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
तीसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
21 मई को “नृत्य कला एवं कला-संस्कृति” विषय पर लोकगीत, क्षेत्रीय नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही कहानी वाचन, पुस्तक पठन, चित्रकला और अनुभव साझा करने जैसी गतिविधियां भी होंगी। समर कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षकों द्वारा प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाएगा।
परिषद द्वारा सभी विद्यालयों को समर कैंप के सफल आयोजन हेतु पूर्व तैयारी, प्रचार-प्रसार एवं दैनिक प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक विद्यालय को प्रतिदिन गतिविधियों की तस्वीरें प्रखंड एवं जिला स्तर पर साझा करनी होंगी।
गर्मी को देखते हुए विद्यार्थियों को पानी की बोतल साथ लाने तथा स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने का निर्देश दिया गया है। जिन विद्यालयों में खेल, कला, संगीत एवं बैंड संबंधी संसाधन उपलब्ध हैं, वहां विशेष प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जा सकते हैं।
यह समर कैंप विद्यार्थियों में खेल भावना, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता एवं सांस्कृतिक चेतना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
