रांची

निगम की जमीन पर चल रहा था बूचड़खाना, अब चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान

Ranchi : पशुओं की चोरी कर बूचड़खाना चलाये जाने की खबर मीडिया में आने के बाद रांची नगर निगम हरकत में आ गया है। अपर प्रशासक संजय कुमार के निर्देश पर सोमवार को निगम की टीम ने लोअर बाजार थाना क्षेत्र के आजाद बस्ती और गुदड़ी इलाके में जांच की। जांच के दौरान पता चला कि रांची नगर निगम की स्वामित्व वाली जमीन पर अवैध रूप से बूचड़खाना संचालित किया जा रहा था। भूमि के अभिलेखों में यह स्पष्ट है कि यह प्लॉट निगम के नाम पर दर्ज है। निगम अधिकारियों के अनुसार, निगम की जमीन पर अवैध कब्जा कर बूचड़खाना चलाना नगर निगम अधिनियम और पर्यावरणीय नियमों का गंभीर उल्लंघन है। मामले को गंभीर मानते हुए अपर प्रशासक ने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू होगा

अपर प्रशासक संजय कुमार ने निर्देश दिया है कि निगम की जमीन को जल्द से जल्द अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए। इसके लिए “अतिक्रमण हटाओ अभियान” चलाया जाएगा। यह अभियान नगर निगम की प्रवर्तन टीम, पुलिस बल और अंचल प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में संचालित होगा। अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संचालित करने के लिए अपर प्रशासक ने अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) को दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का पत्र भेजा है।

अवैध गतिविधियों पर निगरानी जारी रहेगी

अपर प्रशासक ने कहा कि निगम क्षेत्र में अवैध बूचड़खाना या कब्जा जैसी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी। रांची नगर निगम ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में अगर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि देखें, तो तुरंत निगम को सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *