रांची

परिवर्तनी एकादशी पर श्री श्याम मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब

रांची, 22 सितंबर। हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में भाद्रपद कृष्ण पक्ष की परिवर्तनी एकादशी के अवसर पर मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रातः पांच बजे मंदिर के पट खुलने के साथ ही भक्तों का दर्शन के लिए पहुंचना शुरू हो गया। सुबह 5:30 बजे मंगला आरती हुई। मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान एवं वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा के सानिध्य में बाबा श्री श्याम का दिव्य एवं अनुपम श्रृंगार किया गया।

परिवर्तनी एकादशी के अवसर पर मंदिर के पट दिनभर श्रद्धालुओं के लिए खुले रहे। ‘हारे के सहारे की जय, श्याम प्यारे की जय’ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा। श्रद्धालु अपने आराध्य बाबा श्री श्याम के समक्ष अर्जी लेकर कतार में खड़े रहे। मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बताया कि मंदिर में बाबा के दरबार में अर्जी लगाने की परंपरा है। श्रद्धालु आस्था और विश्वास के साथ बाबा के दर्शन करते हैं।

श्रृंगार आरती के बाद भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। इस दौरान ‘जय जय जय खाटू के वासी, जय जय बाबा श्याम’ जैसे भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।

मंडल के सदस्य आनंद चौधरी एवं सदस्य ममता चौधरी ने अपने परिवार के साथ विशेष सवामणी भोग प्रसाद अर्पित किया। सवामणी प्रसाद की व्यवस्था मंडल के उपाध्यक्ष अशोक लड़ियां की निगरानी में की गई।

रात में हुआ भजन-कीर्तन

एकादशी का मुख्य कार्यक्रम रात 9:30 बजे शुरू हुआ। आनंद चौधरी एवं ममता चौधरी ने परिवार के साथ बाबा श्री श्याम की अखंड ज्योति प्रज्वलित कर केसरिया पेड़ा, रबड़ी, मगही पान एवं फल का भोग अर्पित किया।

रबड़ी प्रसाद की सेवा अन्नपूर्णा सरावगी एवं गिरीगोला सेवा मनीष साहू, केसरिया पेड़ा सेवा डॉ. एसएन लाल, फल सेवा एक श्याम भक्त, मगही पान सेवा सुभाष पोद्दार, रौनक पोद्दार एवं मुकेश बरनवाल, पंचमेवा सेवा विनय प्रसाद एवं सुधीर बरनवाल तथा नवीन पोशाक-बागा एवं विशेष श्रृंगार सेवा आनंद चौधरी एवं ममता चौधरी की ओर से निवेदित की गई।

मंडल के उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया ने गणेश वंदना के साथ भजन-कीर्तन का शुभारंभ किया। वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा ने गुरु वंदना एवं हनुमान वंदना, साकेत ढांढनिया ने भगवान शंकर का भजन, प्रवीण अग्रवाल ने रानी सती दादी की वंदना, अनुज मोदी एवं महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बाबा श्याम की वंदना प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर किया।

मंडल के मंत्री पंकज गाड़ोदिया, विष्णु चौधरी, उपमंत्री प्रवीण सिंघानिया, प्रचार मंत्री रोहित अग्रवाल एवं श्याम सेवक अमित शर्मा ने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया। देर रात आरती के साथ एकादशी संकीर्तन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया एवं अशोक लड़ियां, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान, मंत्री विष्णु चौधरी एवं पंकज गाड़ोदिया, उपमंत्री प्रवीण सिंघानिया, प्रचार मंत्री रोहित अग्रवाल, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा, राजेश ढांढनिया, अनिल नारनौली, सलज अग्रवाल, रोशन खेमका, प्रकाश सरावगी, कृष्ण शर्मा, यश सुरेका सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

23 सितंबर को होगी बारस की धोक

मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बताया कि 23 सितंबर, बुधवार को भाद्रपद शुक्ल पक्ष की द्वादशी के अवसर पर बाबा श्री श्याम की अखंड ज्योति प्रज्वलित की जाएगी। प्रातः 9:15 बजे मंडल के सदस्य आनंद चौधरी अपने परिवार के साथ अखंड ज्योति प्रज्वलित करेंगे। श्रद्धालु दोपहर 12 बजे तक अखंड ज्योति के दर्शन कर बाबा के सम्मुख धोक देकर पुण्य के भागी बन सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *