झारखंड वॉलीबॉल के लिए गौरवपूर्ण पल, सीनियर नेशनल की मेजबानी मंजूर
2026–27 सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता झारखंड में होगी आयोजित, पुरुष टीम ने 3–1 से दर्ज की शानदार जीत
रांची : झारखंड वॉलीबॉल संघ के लिए यह दौर अत्यंत गौरव और उपलब्धियों से भरा रहा। एक ओर संघ द्वारा आगामी सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए प्रस्तुत बिड को वार्षिक आम सभा में सर्वसम्मति से स्वीकृति मिल गई, वहीं दूसरी ओर झारखंड पुरुष वॉलीबॉल टीम ने प्रतियोगिता में राजस्थान जैसी मजबूत टीम को पराजित कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
आम सभा के निर्णय के अनुसार वर्ष 2026–27 की सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड राज्य में किया जाएगा। इस संबंध में सभी आवश्यक औपचारिक प्रक्रियाएं झारखंड वॉलीबॉल संघ द्वारा रांची लौटने के पश्चात प्रारंभ की जाएंगी। यह निर्णय राज्य में वॉलीबॉल के निरंतर विकास और राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की सशक्त पहचान को दर्शाता है।
इधर, प्रतियोगिता में झारखंड पुरुष वॉलीबॉल टीम ने अपने पहले ही मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान को 3–1 सेट से शिकस्त दी। देर रात्रि खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में झारखंड ने अनुशासन, रणनीति और बेहतरीन तालमेल का शानदार उदाहरण पेश किया।
स्कोर: 25–21, 20–25, 25–21, 25–21
यह मुकाबला रात्रि 2:15 बजे समाप्त हुआ।
इस ऐतिहासिक जीत में खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद सराहनीय रहा। अविनाश ने सटीक और आक्रामक सेटिंग से टीम को मजबूती दी, जबकि एलन और रजत ने शानदार ब्लॉकिंग कर विपक्षी आक्रमणों को कई बार विफल किया। दिलशिन, रजत कुमार और नज़ीम ने तेज़ खेल और बेहतर तालमेल से निर्णायक क्षणों में महत्वपूर्ण अंक जुटाए। वहीं बिग्नेश, एल्विन और देवा ने पूरे मैच के दौरान ऊर्जा, संयम और फुर्ती दिखाते हुए टीम की जीत को पुख्ता किया।
इस मुकाबले के साक्षी झारखंड वॉलीबॉल संघ के संरक्षक श्री शेखर बोस, कार्यकारी अध्यक्ष श्री सुनील सहाय और सचिव श्री उत्तम राज भी मौजूद रहे। संघ के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सहयोगी सदस्यों को इस शानदार जीत पर बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों और 2026–27 सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
