रांची

जगन्नाथपुर मंदिर की रथयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना

रांची। राजधानी रांची के धुर्वा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में गुरुवार को आयोजित रथयात्रा महोत्सव-2026 में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। महोत्सव में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शामिल हुए। दोनों ने भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ रथयात्रा में भाग लिया।

जगन्नाथपुर मंदिर के लिए बनेगा भव्य तोरणद्वार

रथयात्रा के अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने घोषणा की कि जगन्नाथपुर मंदिर की भव्यता और पहचान को और सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार मंदिर को जोड़ने वाली सड़क पर एक भव्य तोरणद्वार का निर्माण कराएगी। उन्होंने कहा कि इससे दूर से ही मंदिर की अलग पहचान स्थापित होगी और श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जगन्नाथपुर मंदिर झारखंड की ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहर है। राज्य सरकार इसे पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक प्रभावी ढंग से स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि रथयात्रा महोत्सव का श्रद्धालु पूरे वर्ष इंतजार करते हैं और इस वर्ष उमड़ी भारी भीड़ मंदिर की लोकप्रियता तथा धार्मिक महत्व को दर्शाती है। आने वाले वर्षों में रथयात्रा मेले को और अधिक व्यवस्थित, भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रदेशवासियों को रथयात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि भगवान जगन्नाथ सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करें तथा झारखंड निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर रहे।

रथयात्रा महोत्सव में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और उत्साह का अनूठा वातावरण देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *