Home

जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, 6 साल की बच्ची की मौत, कई घायल

Jamshedpur : जमशेदपुर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। एमजीएम थाना क्षेत्र के तहत एनएच-33 पर गुलाटी पटाखा शोरूम के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 6 साल की बच्ची विनीता मोदिया की मौत हो गई। इस दुर्घटना में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

एमजीएम अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि सभी लोग 407 वाहन में सवार थे और भिलाई पहाड़ी स्थित भूत बंगला से टुसू मेला देखकर तुरिया बेड़ा लौट रहे थे।

दो वाहनों की जोरदार टक्कर

इसी दौरान गुलाटी पटाखा शोरूम के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन से 407 वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग घायल हो गए।

तीन घायलों की हालत गंभीर

पुलिस के अनुसार हादसे में तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि मृत बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और राहत व बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *