Home

विश्व साइकिल दिवस पर रांची में निकली भव्य साइकिल रैली, 1000 से अधिक लोगों ने दिया फिटनेस का संदेश

रांची, 07 जून 2026: विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI), खेलो इंडिया एवं फिट इंडिया अभियान के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को रांची में “फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 1000 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ थे। वहीं श्री सी. पी. सिंह, विधायक रांची एवं श्रीमती रोशनी खलखो, महापौर रांची नगर निगम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने साइकिलिंग को स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए युवाओं से फिट इंडिया अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने आईआईएम रांची की प्रोफेसर डॉ. तनुश्री दत्ता को फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत सम्मानित किया। उन्हें आईआईएम रांची परिसर को फिट इंडिया गतिविधियों एवं साइकिलिंग कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध कराने तथा फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न खेलों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल प्रेमी, विद्यार्थी, स्थानीय नागरिक एवं फिटनेस उत्साही बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रतिभागियों ने साइकिल रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, रांची के प्रभारी श्री जगन टोपनो के नेतृत्व में सभी प्रशिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। उनके समन्वित प्रयासों और सहयोग से कार्यक्रम का सुव्यवस्थित एवं सफल संचालन संभव हो सका।

स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, रांची ने भविष्य में भी फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई, जिससे समाज में स्वास्थ्य, फिटनेस एवं खेल संस्कृति को और अधिक बढ़ावा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *