Home

राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल में झारखंड का ऐतिहासिक प्रदर्शन, एक चैंपियन और एक उपविजेता

Ranchi : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की मेजबानी में 18 से 22 दिसंबर 2025 तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता (एसजीएफआई) अंडर-14 एवं अंडर-17 बालिका वर्ग का भव्य समापन आज बीआईटी मेसरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के फुटबॉल मैदान में संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में झारखंड और हरियाणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक तथा विशिष्ट अतिथि बीआईटी मेसरा, रांची के इंचार्ज स्पोर्ट्स महेंद्र कुमार उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मैच कमिश्नर उदय मिश्रा, फरीद खान, नरेश मिस्त्री, रमेश महतो एवं सामाउद्दीन अंसारी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों का स्वागत राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव श्री धीरसेन ए. सोरेंग ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया।

मुख्य अतिथि डॉ. मधुकांत पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता अत्यंत अनुकरणीय एवं उत्कृष्ट रही है। उन्होंने कहा कि जिस सुव्यवस्था और उच्च स्तर पर यह आयोजन किया गया, वैसा उदाहरण देश में बहुत कम देखने को मिलता है। खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि हार से सीखना ही एक सच्चे खिलाड़ी की सबसे बड़ी ताकत होती है।

समापन भाषण में श्री धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि इस प्रतियोगिता में देश के 100 प्रतिशत राज्यों एवं इकाइयों की सहभागिता अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। सभी टीमों ने अनुशासन, धैर्य और खेल भावना का बेहतरीन परिचय दिया। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों, प्रशिक्षकों, समितियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—

अंडर-14 बालिका वर्ग:
फाइनल मुकाबले में हरियाणा ने झारखंड को ट्राई ब्रेकर पेनल्टी शूटआउट में 5-3 से पराजित कर चैंपियन का खिताब जीता, जबकि झारखंड उपविजेता रहा। केरल ने बिहार को 3-2 से हराकर सेकंड रनर-अप का स्थान प्राप्त किया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में मैच ऑफ द टूर्नामेंट स्वर्णी कुमारी (झारखंड), वूमेन ऑफ द मैच निधि (हरियाणा) और बेस्ट गोलकीपर सोनी कुमारी (झारखंड) रहीं।

अंडर-17 बालिका वर्ग:
फाइनल में झारखंड की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए केरल को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से पराजित कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। केरल उपविजेता और गुजरात सेकंड रनर-अप रहा, जिसने मेघालय को 2-0 से हराया।
इस वर्ग में मैच ऑफ द टूर्नामेंट आयशा मिरहाना (केरल), वूमेन ऑफ द मैच दीपिका कुमारी (झारखंड) तथा बेस्ट गोलकीपर प्रीति तिग्गा (झारखंड) को चुना गया।

पूरे आयोजन को सफल बनाने में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद खेल कोषांग के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सभी चैंपियन एवं उपविजेता टीमों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *