खेलपूर्वी सिहंभूमि

सरायकेला-खरसावां जूनियर U-19 ओपन व बालिका नेशनल चेस चैंपियनशिप का भव्य आगाज़

जमशेदपुर। जमशेदपुर स्थित वेव इंटरनेशनल होटल में मंगलवार को 54वीं नेशनल जूनियर ओपन (अंडर-19) एवं 39वीं नेशनल जूनियर गर्ल्स (अंडर-19) चेस चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। नौ दिवसीय इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से कुल 339 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 214 खिलाड़ी ओपन वर्ग तथा 125 खिलाड़ी बालिका वर्ग में शामिल हैं। 10 लाख रुपये की कुल इनामी राशि वाली इस चैंपियनशिप ने पहले ही दिन शतरंज प्रेमियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत सरायकेला-खरसावां जिला शतरंज संघ के सदस्य आर. एन. प्रसाद द्वारा की गई। इसके पश्चात टूर्नामेंट के चीफ आर्बिटर अम्बरीश जोशी (गुजरात) ने प्रतियोगिता से संबंधित तकनीकी जानकारियां खिलाड़ियों एवं उपस्थित अतिथियों को प्रदान कीं।

इसके बाद सभी गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर टाटा स्टील के वीपी (कॉरपोरेट सर्विसेज) सुंदर रामम ने कॉमनवेल्थ गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता अधिराज मित्रा का उल्लेख करते हुए उनके संघर्ष और उपलब्धियों को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उद्घाटन समारोह के उपरांत आयोजकों एवं अतिथियों के साथ समूह छायाचित्र भी लिया गया।

यह चैंपियनशिप कई मायनों में ऐतिहासिक है, क्योंकि पहली बार झारखंड में इस स्तर की राष्ट्रीय जूनियर चेस प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से आए कई इंटरनेशनल मास्टर, फाइड मास्टर एवं अन्य टाइटलधारी खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता के दौरान वरिष्ठ एवं अनुभवी खिलाड़ियों ने जूनियर खिलाड़ियों को खेल की बारीकियों पर मार्गदर्शन दिया। वहीं स्थानीय खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन को लेकर आत्मविश्वास जताया।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की गई हैं तथा खिलाड़ियों की सुविधाओं के साथ निष्पक्ष और पारदर्शी खेल व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों के लिए यादगार सिद्ध होगा, बल्कि जमशेदपुर और झारखंड को राष्ट्रीय शतरंज मानचित्र पर सशक्त पहचान भी दिलाएगा।

उद्घाटन समारोह में सरायकेला-खरसावां जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार, झारखंड शतरंज संघ के सचिव मनीष कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष ऋचा संचिता, रांची शतरंज संघ के सचिव नवजोत अलंग, अनिल सिंघानिया, मुकुल चौधरी, इंटरनेशनल मास्टर नीरज मिश्रा, उपाध्यक्ष एन. के. सिंह, शैलेन्द्र कुमार, विनोद सिंह, राज कुमार सिंह, संरक्षक सूरज भदानी, चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया, एन. के. तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

बॉयज़ कैटेगरी में इंटरनेशनल मास्टर्स एथन वाज़, मोहम्मद इमरान, मयंक चक्रवर्ती, विग्नेश अद्वैथ वेमुला, शाहिल डे, दैविक वधावन, फाइड मास्टर्स बोरगोंका अक्षय, शरणाथ विरेश, अर्नव महेश्वरी, विवियन विशाल शाह तथा एरीना इंटरनेशनल मास्टर थियोफेन लेनिन जैसे शीर्ष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

गर्ल्स कैटेगरी में वूमन फाइड मास्टर्स शेराली पटनायक, शुभि गुप्ता, स्वरा लक्ष्मी एस. नायर, साची जैन, प्रतीति बोरडोलोई सहित एरीना वूमन मास्टर श्रेणी की कई रेटेड खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *