बोकारो

गिरिडीह के जंगल से मिली बोकारो के अपहृत जयंत सिंह की लाश, मास्टरमाइंड सहित छह गिरफ्तार

Bokaro : हरला थाना क्षेत्र से हुए जयंत सिंह अपहरण कांड का बोकारो पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी एवं मास्टरमाइंड बिनोद कुमार उर्फ बिनोद खोपड़ी सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर अपहृत जयंत सिंह का शव गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना अंतर्गत जलेबिया घाटी के पास से बरामद किया गया है। इस मामले को लेकर एसपी हरविन्दर सिंह ने मीडिया को बताया कि बीते 11 दिसंबर 2025 को अमृता सिंह, पत्नी जयंत सिंह, निवासी सेक्टर-08/ए, क्वार्टर संख्या-2197, थाना हरला की ओर से अपने पति के अपहरण को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बोकारो के निर्देश पर सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

एसआईटी टीम ने परिस्थितिजन्य एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कांड का उद्भेदन किया। मुख्य आरोपित बिनोद कुमार उर्फ बिनोद खोपड़ी की निशानदेही पर पुलिस ने अपहृत जयंत सिंह का शव बरामद किया। साथ ही इस कांड में शामिल कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें बिनोद कुमार उर्फ बिनोद खोपड़ी, संजय कुमार उर्फ संजय डोम, आनंद कुमार, वरुण कुमार उर्फ वरुण साबी पासवान, संजय सिंह सहित अन्य शामिल है।

घटना में उपयोग किया गया काले रंग की ऑल्टो कार, दो मोबाइल फोन, चार लाठी को बरामद कर लिया गया है। वहीं मुख्य आरोपी का काफी लंबा आपराधिक इतिहास है। मुख्य आरोपी बिनोद कुमार उर्फ बिनोद खोपड़ी के खिलाफ बोकारो एवं आसपास के थानों में हत्या, अपहरण, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित कुल 19 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी मनोज कुमार उर्फ लुसी के विरुद्ध भी पूर्व में मामला दर्ज है। वहीं छापेमारी दल में नगर डीएसपी आलोक रंजन, हरला, बीएस सिटी, सेक्टर-04, माराफारी थाना प्रभारी,सेक्टर 4 थाना प्रभारी, माराफारी थाना प्रभारी सहित अनुसंधानकर्ता एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। वहीं एसपी हरविन्दर सिंह ने बताया कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है और किसी भी हाल में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *