देवघर

देवघर में पहली बार होगा सांसद खेल महोत्सव, तैयारियां अंतिम चरण में

Deoghar :  झारखंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के देवघर जिले में पहली बार सांसद खेल महोत्सव आयोजित होने जा रहा है। इसकी तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

आयोजन को सफल बनाने के लिए देवघर खेल प्राधिकरण और जिला ओलंपिक संघ के पदाधिकारी लगातार जुटे हुए हैं। इस महोत्सव को लेकर जिले के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

देवघर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सुनील खवाड़े ने बताया कि अब तक करीब ढाई से तीन हजार खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का बड़ा मंच है, जिससे खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकेंगे।

देवघर खेल प्राधिकरण के पदाधिकारी आशीष झा ने कहा कि जिले में इस तरह का आयोजन पहली बार हो रहा है, जो देवघर के खेल इतिहास में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने बताया कि स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे इस आयोजन को लेकर गंभीर हैं, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है।

आयोजन से जुड़े वीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश के बाद जनप्रतिनिधि खेल और स्वास्थ्य को लेकर सक्रिय हुए हैं, जिसका असर अब जिलों में दिखने लगा है।

सांसद खेल महोत्सव के तहत कबड्डी, खो-खो, कराटे, क्रिकेट और वॉलीबॉल जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसमें देवघर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से खिलाड़ी भाग लेंगे। खिलाड़ियों का कहना है कि वे इस आयोजन को लेकर कड़ी मेहनत कर रहे हैं और चाहते हैं कि ऐसे खेल आयोजन नियमित रूप से होते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *