Home

संविधान @75 पर अधिवक्ताओं ने किया मंथन


आम आदमी तक संविधान को सरल भाषा में पहुंचाना अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी : ले. जनरल ज्ञान भूषण

रांची।
अधिवक्ता परिषद झारखंड के तत्वावधान में रांची महानगर इकाई द्वारा संविधान दिवस सह अधिवक्ता दिवस के अवसर पर छोटानागपुर विधि महाविद्यालय, नामकुम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान “संविधान @75” विषय पर विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) ज्ञान भूषण, पूर्व सदस्य सशस्त्र बल न्यायाधिकरण एवं पूर्व आर्मी कमांडर सह कर्नल कमांडेंट, महार रेजिमेंट ने कहा कि संविधान की कानूनी भाषा आम नागरिकों के लिए जटिल होती है। इसे सरल शब्दों में आम जनता तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण भूमिका अधिवक्ताओं की है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को एकजुट होकर संविधान के नियमों को आम आदमी तक पहुंचाना होगा, ताकि नागरिक उत्तरदायी, अनुशासित और शिष्ट समाज का निर्माण कर सकें।

विशिष्ट अतिथि एवं छोटानागपुर विधि महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि संविधान निर्माण के समय संविधान सभा में झारखंड से जयपाल सिंह मुंडा, विनोदानंद झा, बिपिन सोय सहित कई महान विभूतियों की सहभागिता रही। उन्होंने संविधान को एक सामाजिक दस्तावेज बताते हुए कहा कि यह समानता और सामाजिक न्याय के साथ न्याय प्राप्त करने का अवसर देता है। उन्होंने सामाजिक न्याय को वर्तमान समय की आवश्यकता बताया।

झारखंड विधिज्ञ परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र कृष्णा ने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए अधिवक्ताओं ने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है और आगे भी निभाते रहेंगे। झारखंड उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल कश्यप ने युवा अधिवक्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे संविधान के दायरे में रहते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया प्रशांत पल्लव ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने देश के हजारों वर्षों के सांस्कृतिक इतिहास, विदेशी आक्रांताओं और औपनिवेशिक अत्याचारों को ध्यान में रखते हुए संविधान का निर्माण किया। ऐसे में अधिवक्ताओं का दायित्व है कि वे एकजुट होकर संविधान की रक्षा करें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य मनोज टंडन ने संविधान के विभिन्न पहलुओं, कॉलेजियम प्रणाली तथा आरक्षण की उपयोगिता और उसकी चुनौतियों पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व प्रान्त सचिव किरण सुषमा खोया ने अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के गठन, उद्देश्य एवं कार्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन नीता कृष्णा ने किया, जबकि वंदे मातरम् का गायन इंदु परासर एवं उनकी टीम ने प्रस्तुत किया। अंत में अधिवक्ता परिषद झारखंड के प्रांतीय अध्यक्ष प्रशांत विद्यार्थी ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ, युवा एवं महिला अधिवक्ताओं एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *