राष्ट्रीय U-18 कबड्डी प्रतियोगिता के तकनीकी पदाधिकारी के रूप में झारखंड के जगदीश कुमार और मुकेश कुमार का चयन, राज्य में खुशी की लहर
रांची: आगामी 27 जून से 1 जुलाई 2025 तक हरिद्वार में आयोजित होने जा रही प्रथम राष्ट्रीय अंडर-18 बालक एवं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता 2025 के लिए झारखंड के दो वरिष्ठ कबड्डी तकनीकी पदाधिकारी, जमशेदपुर के जगदीश कुमार और दुमका के मुकेश कुमार, का चयन किया गया है। यह चयन अमेट्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI) के रेफरी बोर्ड द्वारा किया गया है। उनके चयन की घोषणा होते ही झारखंड के खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर ही भारत की अंडर-18 टीम का चयन किया जाएगा, जो बहरीन में आयोजित होने वाले प्रथम यूथ एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भाग लेगी। इसके साथ ही, इस एशियाई चैंपियनशिप के तकनीकी संचालन के लिए भी अंतरराष्ट्रीय रेफरी बोर्ड द्वारा अनुभवी तकनीकी पदाधिकारियों के नाम की अनुशंसा की जाएगी। ऐसे में जगदीश कुमार और मुकेश कुमार को यह अवसर मिलना न केवल झारखंड के लिए गर्व की बात है, बल्कि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व के द्वार भी खोलता है।
जगदीश कुमार, जो कि कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के रेफरी बोर्ड के चेयरमैन भी हैं, और मुकेश कुमार, जिन्होंने राज्य स्तर पर तकनीकी संचालन में अहम भूमिका निभाई है, दोनों को इस नई जिम्मेदारी के लिए खेल प्रेमियों, अधिकारियों और खिलाड़ियों की ओर से ढेरों शुभकामनाएं मिल रही हैं।
इस उपलब्धि पर कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के महासचिव मुकेश कुमार सिंह, झारखंड ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष एवं एसोसिएशन के चेयरमैन बिपिन कुमार सिंह, अंतरराष्ट्रीय कोच तेजनारायण प्रसाद माधव, और अन्य पदाधिकारियों जैसे आलोक कुमार, नवनीत सोनू, धर्मेंद्र कुमार, अनीता कुमारी, उपेन्द्र कुमार, राखी कुमारी, आशा कुमारी, प्रकाशित मिंज, परमेश्वर महतो, संजू कुमार, राहुल कुमार आदि ने दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं।
झारखंड राज्य के विभिन्न जिला कबड्डी संघों के अध्यक्ष और सचिवों ने भी इस गौरवपूर्ण पल पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए इसे राज्य के खेल क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।
इस आशय की जानकारी कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर ने साझा की और कहा कि यह चयन राज्य में कबड्डी के विकास और गुणवत्ता को दर्शाता है। आने वाले समय में झारखंड से और भी तकनीकी विशेषज्ञ और खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।
