रांची

शराब घोटाला: मार्शन इनोवेटिव के निदेशक जगन भाई तुकाराम गिरफ्तार

Ranchi : झारखंड में सामने आए शराब घोटाले की जांच के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने अहमदाबाद से मेसर्स मार्शन इनोवेटिव सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक जगन भाई तुकाराम को गिरफ्तार किया है।

एसीबी के अनुसार, आरोप है कि जगन भाई तुकाराम की कंपनी ने फर्जी बैंक गारंटी के सहारे झारखंड में मैनपावर सप्लाई का ठेका हासिल किया था। यह मामला राज्य के शराब नीति घोटाले से जुड़ा हुआ है।

रविवार को एसीबी की टीम उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर रांची लेकर पहुंची। रांची एयरपोर्ट पर एसीबी टीम की निगरानी में जगन भाई तुकाराम को लाया गया, जहाँ से उन्हें आगे की पूछताछ के लिए एसीबी कार्यालय ले जाया गया। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

एसीबी अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से शराब घोटाले की जांच को नई दिशा मिलेगी। इससे पहले भी इस मामले में कई अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के निदेशकों से पूछताछ और गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। शराब नीति से जुड़े इस घोटाले को राज्य के बड़े भ्रष्टाचार मामलों में से एक माना जा रहा है, जिसकी जांच अभी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *