रांची

स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2025 में सरला बिरला विश्वविद्यालय की टीम की शानदार जीत

आंध्र प्रदेश के गुंटूर में आयोजित स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2025 के ग्रैंड फिनाले में सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शानदार जीत हासिल की। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के चयनित प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

इस प्रतियोगिता के फाइनल राउंड के लिए विश्वविद्यालय की कुल तीन टीमें (18 प्रतिभागी) चयनित हुई थीं, जिन्हें क्रमशः गुंटूर, कोल्हापुर और कानपुर में आयोजित अंतिम चरण में हिस्सा लेने भेजा गया था। एसबीयू के एसपीओसी डॉ. मनोज पांडेय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विजेता टीम में हर्ष कुमार, अंजली केशरी, हर्ष केशरी, अविनाश कुमार, रूपेश और प्रांशु रंजन शामिल थे, जिन्होंने अपने नवाचारपूर्ण तकनीकी समाधान के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

गौरतलब है कि सरला बिरला विश्वविद्यालय ने लगातार दो वर्षों – 2024 और 2025 (सॉफ्टवेयर संस्करण) – में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन में विजेता बनकर संस्थान का गौरव बढ़ाया है।

स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन देश की प्रमुख प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसमें छात्र वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान हेतु नवाचार-आधारित तकनीकी समाधान विकसित करते हैं। यह प्रतियोगिता न केवल रचनात्मकता को बढ़ावा देती है, बल्कि टीमवर्क और व्यावहारिक ज्ञान को भी सुदृढ़ करती है।

विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर एसबीयू के माननीय प्रतिकुलाधिपति श्री बिजय कुमार दलान, माननीय महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, माननीय कुलपति प्रो. सी. जगनाथन तथा माननीय राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *