प्रदर्शन कर रहे मनरेगा कर्मियों के बीच पहुंचीं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सुनी मांगें

Ranchi : ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग की मंत्री दीपिका पांडे सिंह सोमवार को रांची में प्रदर्शन कर रहे मनरेगा कर्मियों के बीच पहुंचीं। शहर के मध्य स्थित प्रदर्शन स्थल पर सैकड़ों कर्मी जुटे थे। मंत्री ने भीड़ के बीच खड़े होकर उनकी बातें सुनीं और पूरी स्थिति को समझा। मौके पर मौजूद मनरेगा कर्मियों ने अपनी प्रमुख मांगों के बारे में जानकारी दी। इनमें ग्रेड पे तय करने, नौकरी को नियमित करने, सामाजिक सुरक्षा देने, सेवा सुरक्षा नीति बनाने और बर्खास्तगी मामलों की निष्पक्ष सुनवाई के लिए अपीलीय प्राधिकार गठित करने की मांग शामिल थी। कर्मियों का कहना था कि कई वर्षों से वे नौकरी की असुरक्षा और कम भुगतान जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
कर्मियों की बात सुनने के बाद मंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार हर मांग का गंभीरता से अध्ययन कर रही है। उन्होंने कहा कि जो भी मांगें न्यायोचित और नियमों के अनुरूप होंगी, उन पर जल्द फैसला लिया जाएगा। मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार मनरेगा कर्मियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा को प्राथमिकता देती है।
मंत्री ने बताया कि मनरेगा कर्मी ग्रामीण विकास की मजबूत कड़ी हैं और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कर्मियों की आवाज़ अनसुनी नहीं की जाएगी और जल्द सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
प्रदर्शन स्थल पर मंत्री के पहुंचने के बाद कर्मियों में उम्मीद बढ़ी और कई लोगों ने कहा कि सरकार की पहल से लंबे समय से लंबित मुद्दों पर अब समाधान निकलने की संभावना दिख रही है।
