झारखंड को नशामुक्त बनाने के लिए पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने मैराथन दौड़ का किया आयोजन
रांची: पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने गुरुवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में नशामुक्त झारखंड के उद्देश्य से आयोजित मैराथन दौड़ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नशामुक्त झारखंड बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का उल्लेख किया। मंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया और कहा कि झारखंड को नशामुक्त बनाने के लिए सरकार ने पिछले 14 दिनों से जागरूकता अभियान चलाया है, जिसमें मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मंत्री सुदिव्य कुमार ने इस मौके पर कहा, “स्वस्थ झारखंड और नशामुक्त राज्य की परिकल्पना को लेकर आज हम सभी यहां एकत्र हुए हैं। यह मैराथन दौड़ न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए है, बल्कि नशे से दूर रहने का संकल्प लेने का अवसर भी है।” उन्होंने बताया कि इस मैराथन दौड़ के दौरान युवाओं ने मोरहाबादी से अल्बर्ट एक्का चौक तक नशामुक्त झारखंड के लिए कदम बढ़ाया और हर कदम पर नशा से दूर रहने का प्रण लिया।
मंत्री ने कहा, “यदि हम युवाओं की ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करें, तो यह न केवल राज्य बल्कि देश और दुनिया के लिए एक बेहतर दिशा तय कर सकता है। लेकिन यदि यह ऊर्जा गलत दिशा में जाती है, तो इससे समाज को भारी नुकसान होता है।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशा के बजाय खेल और अन्य रचनात्मक कार्यों को महत्व दें।
पर्यटन सह खेलकूद सचिव मनोज कुमार ने भी इस अभियान के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “नशामुक्त अभियान झारखंड के लिए बेहद जरूरी है। हम सभी को यह संकल्प लेना है कि हर कदम नशामुक्त झारखंड की दिशा में होगा।” उन्होंने बताया कि पिछले 14 दिनों में राज्यभर के प्रत्येक जिले, प्रखंड और पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनका समापन आज इस मैराथन दौड़ के साथ हो रहा है।
इस कार्यक्रम में विजयी प्रतिभागियों को मंत्री सुदिव्य कुमार द्वारा पुरस्कृत भी किया गया। विजेताओं में अनूप उरांव, श्रीजीत सरकार, कुंदन महतो, निर्मल, रंजीत कुमार महतो, ममता कुमारी, रीता कुमारी, सुमन कुमारी, संध्या कुमारी और सोनी कुमारी शामिल हैं।
मैराथन दौड़ के दौरान गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, निदेशक खेल-ख़ुद शेखर जमुवार सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी भी उपस्थित थे।
