रांची

रांची में कड़ाके की ठंड में बेघरों को राहत, निगम ने तैयार किया 50 बेड का अस्थायी आश्रय गृह

Ranchi : रांची में बढ़ती ठंड को देखते हुए रांची नगर निगम ने बेघर और फुटपाथ पर रात गुजारने वाले लोगों के लिए बड़ी पहल की है। प्रशासक सुशांत गौरव के निर्देश पर अलबर्ट एक्का चौक स्थित पार्किंग परिसर के पास 50 बेड वाला अस्थायी आश्रय गृह तैयार किया गया है। इसमें 30 बेड पुरुषों और 20 बेड महिलाओं के लिए बनाए गए हैं।

हीटर, कंबल और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था

आश्रय गृह में ठंड से बचाव के लिए मोटे पर्दे लगाए गए हैं। साथ ही कंबल, गद्दे, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और हीटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग दरवाजे बनाए गए हैं।

बेघर लोगों की खोज में विशेष रेस्क्यू अभियान

नगर निगम टीम रात में शहर के विभिन्न इलाकों मुख्य सड़कों, बाजारों, बस स्टैंड और फुटपाथों पर रेस्क्यू अभियान चला रही है। टीम ऐसे लोगों को चिन्हित कर रही है जिन्हें तुरंत आश्रय की जरूरत है और उन्हें नजदीकी आश्रय गृह में भेजा जा रहा है। निगम ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति सड़क किनारे ठंड में असहाय दिखे तो हेल्पलाइन 1800-570-1235 पर तुरंत सूचना दें।

अलाव की व्यवस्था भी हुई तेज

जिला प्रशासन ने भी शहरभर में अलाव की व्यवस्था की है। सभी चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव के लिए लगातार लकड़ी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि जरूरतमंद लोग ठंड से राहत पा सकें।

CCTV से रखी जा रही है निगरानी

अस्थायी आश्रय गृहों में हीटर, रोशनी, गद्दे, कंबल, शौचालय और पेयजल की सुविधा के साथ CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं, ताकि सुरक्षा और निगरानी और बेहतर हो सके।

प्रशासन की शहरवासियों से अपील

ठंड लगातार बढ़ रही है, ऐसे में रांची नगर निगम और जिला प्रशासन की यह संयुक्त पहल सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी व्यक्ति ठंड से परेशान न हो। प्रशासक सुशांत गौरव ने कहा कि “हमारा प्रयास है कि रांची का कोई भी व्यक्ति ठंड में खुले में ठिठुरने को मजबूर न हो। हर जरूरतमंद को सुरक्षित आश्रय और गर्माहट देना हमारी प्राथमिकता है। शहरवासी भी ऐसे लोगों की पहचान में मदद करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *