बिहार

बिहार के मॉडल टाइम-टेबल से चलेंगे सभी सरकारी स्कूल, मदरसों में भी राष्ट्रगान अनिवार्य

Patna : बिहार में प्राइमरी से लेकर प्लस टू तक के सभी सरकारी स्कूल अब मॉडल टाइम-टेबल के अनुसार चलेंगे। यह नियम संस्कृत स्कूलों और मदरसों पर भी लागू होगा। नए निर्देश के अनुसार स्कूल सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे और छुट्टी से पहले राष्ट्रगान अनिवार्य रूप से गाया जाएगा।

सुबह की प्रार्थना और बिहार गीत अनिवार्य

9:30 से 10 बजे तक प्रार्थना सभा होगी। इसमें बिहार गीत गाया जाएगा और सभी शिक्षक तथा कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। प्रार्थना शुरू होने से पहले शिक्षक बच्चों की पोशाक, बाल और नाखून की जांच करेंगे। इसके बाद सामान्य ज्ञान, समाचार वाचन और छोटी परिचर्चाएं कराई जाएंगी।

आठ पीरियड की पढ़ाई

माध्यमिक शिक्षा निदेशक सज्जन आर. द्वारा जारी टाइम-टेबल के अनुसार पढ़ाई आठ पीरियड में होगी :

  • 10:00-10:40 : पहली घंटी
  • 10:40-11:20 : दूसरी घंटी
  • 11:20-12:00 : तीसरी घंटी
  • 12:00-12:40 : लंच टाइम
  • 12:40-1:20 : चौथी घंटी
  • 1:20-2:00 : पांचवीं घंटी
  • 2:00-2:40 : छठी घंटी
  • 2:40-3:20 : सातवीं घंटी
  • 3:20-4:00 : आठवीं घंटी

इसके बाद शाम 4 बजे स्कूल की छुट्टी होगी।

राष्ट्रगान में लाउडस्पीकर का उपयोग अनिवार्य

नए नियमों के तहत छुट्टी से पहले होने वाले राष्ट्रगान में लाउडस्पीकर का प्रयोग अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा गतिविधियों के लिए कक्षा अनुसार अलग-अलग समय तय किया गया है। सभी कक्षाओं में एक जैसी खेलकूद या गतिविधियां नहीं होंगी। सरकार का उद्देश्य है कि नई व्यवस्था से स्कूलों में अनुशासन, नियमितता और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *