खेलपूर्वी सिहंभूमि

सांसद खेल महोत्सव में तीन दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता शुरु

पूर्वी सिंहभूम, 5 दिसंबर। युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें खेलों से जोड़कर सकारात्मक दिशा देने के लक्ष्य के साथ शहर में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित मोहन आहूजा स्टेडियम में तीन दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण आगाज़ हुआ। उद्घाटन के साथ ही स्टेडियम बच्चों के जोश, ऊर्जा और खेल के प्रति समर्पण से सराबोर हो उठा।

प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न स्कूलों, अकादमियों और खेल संस्थानों से लगभग 600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इतनी बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की मौजूदगी ने यह साबित कर दिया कि जमशेदपुर के बच्चों में खेल को लेकर गहरी रुचि और जुनून मौजूद है। स्टेडियम में सुबह से ही खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों की भीड़ उमड़ी रही। हर कोई अपने-अपने बच्चों को प्रोत्साहित करते, उनका मनोबल बढ़ाते दिखा।

खेल प्रशिक्षकों का कहना था कि सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं को बड़ी मंच प्रदान करते हैं, जहां वे अपनी प्रतिभा दिखा सकें और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में खुद को साबित करने का मौका मिले। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अनुशासन, फिटनेस और टीम भावना सिखाते हैं।

भाजपा कार्यकर्ता सुनील सिंह ने बताया कि सांसद विद्युत वरण महतो का उद्देश्य शहर के युवाओं को हेल्थ अवेयरनेस के साथ फिटनेस की दिशा में प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि सांसद लगातार यह सुनिश्चित करने में लगे हैं कि युवा नशे और गलत आदतों से दूर रहें और खेल को अपना साथी बनाएं। महोत्सव के तहत मैराथन, बैडमिंटन समेत कई खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिनसे बड़ी संख्या में युवा जुड़ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में महोत्सव के माध्यम से और भी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी पहल ना केवल प्रतिभाओं को उभरने का अवसर देती है, बल्कि शहर में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *