पूर्व झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष विजेंद्र कुदादा का निधन, मंत्री सहित अन्य पहुंंचे
पश्चिमी सिंहभूम, 3 दिसंबर । सदर प्रखंड चाईबासा के पूर्व झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष विजेंद्र कुदादा का हृदय गति रुकने से मंगलवार देर रात निधन हो गया। उनके देहांत की सूचना मिलते ही झामुमो नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बुधवार को भादुड़ी गांव स्थित उनके आवास पहुंचे और भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इसकी जानकारी झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
प्रवक्ता ने बताया कि 02 दिसंबर को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश पर उन्हें टाटा के ब्रह्मानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसी रात 11 बजे उनका निधन हो गया। विजेंद्र कुदादा लंबे समय तक झामुमो से जुड़े रहे और सदर प्रखंड क्षेत्र तथा अपने गांव की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा सक्रिय रहे। उनके निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।
निधन की सूचना पर मंत्री दीपक बिरुवा भी तुरंत भादुड़ी गांव पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिलकर सांत्वना दी। शोक व्यक्त करने वालों में मंत्री दीपक बिरुवा, झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम, जिला सचिव राहुल आदित्य, जिला कोषाध्यक्ष सुभाष बनर्जी, जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी सहित कई झामुमो नेता और कार्यकर्ता शामिल थे।
विजेंद्र कुदादा का अंतिम संस्कार उनके गृह गांव भादुड़ी में किया गया।
