गुमला में मिडडे मील का सामान ढोते दिखे बच्चे, वीडियो वायरल; जांच की मांग तेज
Gumla : गुमला जिले के भरनो प्रखंड स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुम्हरों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने मासूम बच्चे एनएच43 खरवागढ़ा के पास मिडडे मील (एमडीएम) का सामान ढोते नजर आ रहे हैं। यह घटना लगभग 11:30 बजे की बताई जा रही है। वीडियो में दिख रहा है कि बच्चों के हाथ में चना, आलू, दाल और तेल के पैकेट हैं। जानकारी के अनुसार, स्कूल में एमडीएम का स्टॉक खत्म हो गया था, जिसके बाद बच्चों को खरवागढ़ा स्थित दुकान से सामान लाने भेज दिया गया। कुछ बच्चे दो किलोमीटर पैदल चलते दिखाई दिए, जबकि कुछ बाइक पर बैठकर सामान ले जा रहे थे। बच्चों ने बताया कि दुकान स्कूल से करीब दो किलोमीटर दूर है।
पहले भी लग चुके हैं आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह कोई पहली घटना नहीं है। गांव वालों ने बताया कि स्कूल के हेडमास्टर अरविंद तिवारी पर पहले भी बच्चों से स्कूलसंबंधित काम कराने के आरोप लग चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और यह नियमों का उल्लंघन है।
हेडमास्टर ने दी सफाई
हेडमास्टर अरविंद तिवारी ने सफाई देते हुए कहा कि
“वीडियो में दिख रहे बच्चे उनके स्कूल के नहीं हैं।”
हालांकि, वीडियो और तस्वीरों में बच्चे स्पष्ट रूप से स्कूल की यूनिफॉर्म में नजर आ रहे हैं।
अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश
शिक्षा विभाग के दिशानिर्देशों के अनुसार स्कूल ड्रेस में बच्चों से कोई भी सामान ढोवाना पूरी तरह गलत है। यही वजह है कि ग्रामीण और अभिभावक शिक्षा विभाग से कठोर जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
