भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका पहला वनडे : रांची में रोमांच चरम पर, दोनों टीमों ने जमकर किया अभ्यास
Ranchi : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 30 नवंबर को JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले पहले वनडे मुकाबले को लेकर रांची में उत्साह चरम पर है। दोनों टीमें शहर पहुंच चुकी हैं और मैच से पहले मैदान पर जमकर अभ्यास कर रही हैं।
आज भारतीय और दक्षिण अफ्रीकी टीमों ने JSCA स्टेडियम में अपना अभ्यास सत्र पूरा किया। भारतीय खिलाड़ियों ने नेट्स में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग—तीनों विभागों में कड़ी मेहनत की। खिलाड़ी पूरी तरह लय में लौटने और पहले ही मैच में बढ़त हासिल करने की तैयारी करते दिखे। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका टीम ने भी रणनीतिक तौर पर बल्लेबाजों और गेंदबाजों को विशेष ड्रिल करवाईं।

भारतीय गेंदबाजी कोच मॉर्न मर्केल (Morne Morkel) ने कहा कि टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है और ड्रेसिंग रूम में पॉजिटिव माहौल है। उन्होंने बताया कि टेस्ट मैच की हार को भूलकर अब पूरा ध्यान वनडे सीरीज पर है। खिलाड़ी ऊर्जा से लबालब हैं और दक्षिण अफ्रीका को कड़ी चुनौती देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
कोच ने यह भी कहा कि भारत की योजना इस वनडे सीरीज पर कब्जा करने की है और टीम का हर सदस्य इस लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा।
भारतीय टीम के युवा और सीनियर खिलाड़ी पूरे जोश के साथ तैयारी में जुटे रहे। कोचिंग स्टाफ ने भी अलग-अलग परिस्थितियों पर खिलाड़ियों को खास तौर पर तैयार किया। वहीं दक्षिण अफ्रीका टीम भी अपनी रणनीति को मजबूत कर रही है ताकि सीरीज की शुरुआत जीत के साथ की जा सके।
अब सभी की निगाहें 30 नवंबर के रोमांचक मुकाबले पर टिकी हैं, जहां दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर की उम्मीद है। रांची के क्रिकेट प्रेमियों में मैच को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
