रांची

झारखंड में पछुआ हवा नहीं चलने से ठंड से राहत, तापमान में चार डिग्री की वृद्धि

रांची, 28 नवंबर । राजधानी रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों में शुक्रवार को पछुआ हवा के नहीं चलने से लोगों को दिन में कडाके की ठंड से राहत मिली। इससे न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की बढोत्तरी दर्ज की गई।

गुरुवार को रांची में न्यूनतम तापमान जहां 8.4 डिग्री था यह शुक्रवार को बढकर 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इसी प्रकार राज्य के अन्य जिलों में भी तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। इसमें जमशेदपुर में 10.2 डिग्री की तुलना में 12 डिग्री, बोकारो में 9.1 डिग्री के मुकाबले 12.1 डिग्री, चाईबासा में 10.4 डिग्री की तुलना में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 31.3 डिग्री गोडडा में और सबसे कम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान रांची सहित कई जिलों में रात में तडके सुबह में कुहासा छाया रहा।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को बताया कि देश के उत्तरी राज्‍यों (जम्‍मू-कश्‍मीर और हिमाचल प्रदेश) में हो रही भारी बर्फबारी के चलते ठंडी हवाएं देश के पूर्वी और मध्‍यवर्ती राज्‍यों में प्रवेश कर रही हैं। इससे इन राज्‍यों में कडाके की ठंड पड रही है। विभाग ने आनेवाले दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना व्‍यक्‍त की है।

शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ और कनकनी महसूस की गई। इसके बाद दोपहर में पछुआ हवाएं नहीं चलने से धूप में तल्खी महसूस की गई और स्वेटर और जैकेट पहनने पर गर्मी का एहसास हुआ। हालांकि शाम में भारी कनकनी महसूस की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *