रांची

भारतीय स्कूली वॉलीबॉल टीम प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षकों व खिलाड़ियों का सम्मान

वैशाली पारदरे बोलीं— गुरु के हाथों सम्मान मिलना मेरे लिए गर्व का क्षण

रांची, 27 नवम्बर 2025: झारखंड वॉलीबॉल संघ के तत्वावधान में रांची में चल रहे भारतीय स्कूली खेलकूद टीम प्रशिक्षण शिविर में आज एक गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारतीय स्कूली वॉलीबॉल टीम की प्रशिक्षक वैशाली पारदरे, डॉ. शैलेश कुमार, डॉ. संतोष पवार एवं साई प्रशिक्षक श्री जीवा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी खिलाड़ियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह के दौरान सम्मान ग्रहण करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का लगातार 22 वर्षों तक प्रतिनिधित्व कर चुकीं प्रशिक्षक वैशाली पारदरे ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने भावनात्मक स्वर में कहा कि उनकी खेल यात्रा की शुरुआत झारखंड वॉलीबॉल संघ के पितामह श्री शेखर बोस की देखरेख में सब-जूनियर वर्ग से हुई थी। उन्होंने कहा— “गुरु के हाथों मिला यह सम्मान मेरे लिए अत्यंत गर्व की भावना से भरा हुआ क्षण है।”

वहीं, प्रशिक्षक डॉ. शैलेश कुमार ने अपने वक्तव्य में वर्ष 2021 में झारखंड में आयोजित विभागीय प्रतियोगिता में खिलाड़ी के रूप में भाग लेने की यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि आज भारतीय स्कूली टीम के प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षण शिविर में योगदान देना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड वॉलीबॉल संघ ने हमेशा खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को प्रोत्साहित किया है और वे आगे भी पूरी निष्ठा से संघ के मार्गदर्शन में कार्य करते रहेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे झारखंड वॉलीबॉल संघ के कार्यकारी अध्यक्ष श्री सुनील सहाय ने खिलाड़ियों को आशीर्वचन दिए। वहीं संघ के संरक्षक श्री शेखर बोस ने प्रशिक्षकों व खिलाड़ियों को शुभाशीष देते हुए कहा—
“झारखंड की ओर से जो खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, उनसे उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है। आप न केवल झारखंड का मान बढ़ाएँ, बल्कि देश का गौरव भी बनें। संघ सदैव आपके सहयोग के लिए तत्पर है। खिलाड़ी और प्रशिक्षक ही संघ की सबसे बड़ी ताकत हैं।”

सम्मान समारोह के उपरांत रांची के बाल खिलाड़ियों और भारतीय स्कूली टीम के बीच एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने दमखम दिखाते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख अतिथियों में शामिल थे:

श्री उत्तम राज, सचिव, झारखंड वॉलीबॉल संघ
श्री भोला प्रताप सिंह, चेयरमैन, आर.डी.भी.ए.
श्री अमरजीत सिंह खरे, उपाध्यक्ष
श्री उपेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष
श्री संजय कुमार, कार्यकारी सचिव
श्री संजय कुमार ठाकुर, आयोजन सचिव
श्री विकास वर्मा, कोषाध्यक्ष
श्री अमित कुमार, अध्यक्ष, दुमका
श्री राजेश गुप्ता
साथ ही रांची जिला वॉलीबॉल संघ के बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *