रांची

झारखंड में बढ़ी ठंड, रांची में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री पर पहुंचा

रांची, 26 नवंबर । झारखंड में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। राजधानी रांची समेत सभी 24 जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आ रही है।

बुधवार को रांची में न्यूनतम तापमान दो डिग्री की गिरावट के साथ 11.1 डिग्री से घटकर 9.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं जमशेदपुर में तापमान 13.5 से गिरकर 11.6 डिग्री, डालटेनगंज में 10.2 से घटकर 8.2 डिग्री, बोकारो में 13.8 से घटकर 9.1 डिग्री और चाईबासा में 13.8 से कम होकर 11.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर पछुआ हवाएं चलने से ठंड और बढ़ गई। सर्द हवा और कनकनी के कारण लोग सुबह से स्वेटर, जैकेट, मफलर, टोपी और ग्लब्स पहनकर बाहर निकले। वहीं ठंड के कारण बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी हुई।

पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे कम तापमान खूंटी में 6.8 डिग्री सेल्सियस और सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री, जमशेदपुर में 28.2 डिग्री, डालटेनगंज में 28.4 डिग्री, बोकारो में 24.5 डिग्री और चाईबासा में 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *