विधायक कल्पना सोरेन ने “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम में बांटी परिसंपत्तियां

Giridih : गांडेय विधानसभा क्षेत्र के बेरदोंगा में करहरबारी पंचायत स्तर पर रविवार को “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत परिसंपत्ति वितरण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन ने हिस्सा लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को परिसंपत्तियों का वितरण किया।
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण इलाकों को मजबूत बनाने और लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। इनमें गरीब, महिला, युवा, बुजुर्ग, अनुसूचित जाति–जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक सभी वर्गों को शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि दूरदराज के क्षेत्रों तक योजनाओं की जानकारी पहुँचाना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। कई ग्रामीण योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय तक जाते हैं, लेकिन प्रक्रिया की जटिलता के कारण वे आगे नहीं बढ़ पाते। इस समस्या को दूर करने के लिए सरकार ने “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” अभियान शुरू किया है, जिसके तहत अधिकारी सीधे गांवों में पहुंचकर लोगों को योजनाओं से जोड़ रहे हैं।
विधायक ने कहा कि सरकार लोगों को सम्मानजनक तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों से राज्य के विकास में सहयोग और सहभागिता की अपील की। कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
