हांगकांग इंटरनेशनल क्लासिक 2025 में झारखंड की रेशमा कुमारी ने किया कमाल, जीता ब्रॉन्ज पदक
23 नवंबर, 2025 | रांची
हांगकांग में 15 से 23 नवंबर 2025 तक आयोजित प्रतिष्ठित Hongkong International Classic 2025 में झारखंड की प्रतिभाशाली लॉन बॉल खिलाड़ी रेशमा कुमारी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए महिला पेयर्स (Women Pairs) वर्ग में कांस्य पदक जीतकर राज्य और देश का गौरव बढ़ाया है।
पूरे टूर्नामेंट में रेशमा ने अपने दमदार खेल, संतुलन, रणनीति और गजब के आत्मविश्वास का परिचय दिया। कठिन मुकाबलों के बीच रेशमा की सटीक थ्रो और धैर्यपूर्ण खेल ने उन्हें पोडियम तक पहुंचाया।
प्रतियोगिता के परिणाम
- स्वर्ण पदक – स्कॉटलैंड
- रजत पदक – हांगकांग
- कांस्य पदक – भारत एवं इंग्लैंड
रेशमा की इस उपलब्धि ने झारखंड में लॉन बॉल्स खेल को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाने की उम्मीद जगाई है। विशेषज्ञों का मानना है कि उनका यह प्रदर्शन राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर झारखंड के मुख्यमंत्री, खेल मंत्री सुदीव्य सोनू, खेल विभाग के सचिव मनोज कुमार, निदेशक खेल शेखर जमुआर, आर. के. आनंद, तथा उनके कोच डॉ. मधुकांत पाठक ने रेशमा को बधाई दी।
राज्यभर के खेल प्रेमियों ने भी उनकी इस अंतरराष्ट्रीय सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
