खेलो झारखंड : राज्य स्तरीय क्रिकेट ओपन चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न
राज्य के 325 क्रिकेट खिलाड़ियों ने लिया भाग, चयनित खिलाड़ी झारखंड अंडर-19 टीम का करेंगे प्रतिनिधित्व
रांची : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अधीन झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में खेलो झारखंड कार्यक्रम अंतर्गत राज्य स्तरीय अंडर-19 बालक एवं बालिका स्कूली क्रिकेट की खुली चयन प्रक्रिया का आयोजन आज साउथ रेलवे कॉलोनी मैदान, चुटिया, रांची में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस चयन प्रक्रिया में राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 325 क्रिकेट खिलाड़ी शामिल हुए, जिनमें 258 बालक और 67 बालिका खिलाड़ी थे। दिनभर चले इस ट्रायल में खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह और प्रतिस्पर्धा का स्तर देखते ही बनता था।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग ने मौके पर कहा कि आज के ट्रायल में झारखंड के कोने-कोने से आए खिलाड़ियों ने जिस जोश और कौशल का परिचय दिया, वह काबिले-तारीफ है। उन्होंने बताया कि खेलो झारखंड कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने का अवसर देना है।
उन्होंने आगे कहा कि चयन प्रक्रिया के उपरांत चुने गए खिलाड़ियों को 21 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। इस शिविर के बाद अंतिम झारखंड अंडर-19 क्रिकेट टीम का गठन किया जाएगा, जो आगामी राष्ट्रीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता (SGFI) में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।
जानकारी के अनुसार, अंडर-19 बालक वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता 5 से 9 दिसंबर 2025 तक रोहतक (हरियाणा) में तथा अंडर-19 बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 1 से 6 जनवरी 2026 तक मध्य प्रदेश में आयोजित की जाएगी।
इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य विद्यालय स्तर से खेल प्रतिभाओं को निखारना, विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करना तथा उन्हें राज्य और देश के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में तैयार करना है।
