रांची

रांची में सड़कों पर झलकी झारखंडी संस्कृति, “स्ट्रीट डांस” पर झूमी राजधानी

Ranchi : झारखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर राजधानी रांची की सड़कों पर झारखंडी संस्कृति का शानदार नजारा देखने को मिला। जिला प्रशासन, रांची और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, झारखंड सरकार की ओर से मंगलवार को पारंपरिक “स्ट्रीट डांस” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक रांची के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर स्थानीय कलाकारों ने झारखंड की लोकसंस्कृति को जीवंत कर दिया। ढोल, नगाड़ा, मांदर और झांझ की ताल पर कलाकारों ने नागपुरी, संथाली, हो और कुरुख नृत्य की प्रस्तुतियों से लोगों का दिल जीत लिया।

करमटोली चौक, फिरयालाल चौक, राजेन्द्र चौक, बिरसा चौक, धुर्वा गोलचक्कर, एयरपोर्ट, मोरहाबादी पार्क, रांची रेलवे स्टेशन, नामकुम चौक, हटिया और खेलगांव समेत कई जगहों पर पारंपरिक नृत्यों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। रंगीले परिधानों में सजे कलाकारों की झांकी और झारखंडी लोकधुनों की गूंज से पूरा शहर झारखंड की संस्कृति के रंग में रंग गया। लोगों ने भी झूमकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

इस मौके पर नागरिकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन झारखंड की लोककला और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मददगार हैं। कार्यक्रम में स्थानीय सांस्कृतिक संस्थाओं और आम जनता की बड़ी भागीदारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *