एशिया मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झारखंड के रामप्रताप मुंडा ने जीता गोल्ड, रांची लौटने पर हुआ भव्य स्वागत
रांची। 23वीं एशिया मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड के अंतरराष्ट्रीय एथलीट रामप्रताप मुंडा ने गोल्ड मेडल जीतकर राज्य और देश का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता 5 से 9 नवंबर तक चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित की गई थी।
झारखंड को मिला एकमात्र गोल्ड
रामप्रताप मुंडा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए झारखंड को एशियाई स्तर पर एकमात्र स्वर्ण पदक दिलाया। उनके इस उपलब्धि पर पूरे राज्य के खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खुशी की लहर है।
रांची रेलवे स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत
प्रतियोगिता में भाग लेकर लौटे झारखंड के 40 खिलाड़ियों का आज 12 नवंबर 2025 को रांची रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों का स्वागत फूल-मालाओं और जयकारों के साथ किया गया।
इस अवसर पर कृष्णकांत ठाकुर ने सभी खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनकी मेहनत व समर्पण की सराहना की।
एसोसिएशन ने दी बधाई
झारखंड मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव लक्ष्मण राम ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि झारखंड के वरिष्ठ खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया है कि उम्र प्रतिभा और जुनून के आगे मायने नहीं रखती।
