खेलरांची

खेलो झारखंड अंतर्गत राज्य स्तरीय अंडर-19 क्रिकेट चयन ट्रायल 12 नवंबर को रांची में

रांची : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अधीन झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में “खेलो झारखंड” कार्यक्रम अंतर्गत राज्य स्तरीय अंडर-19 बालक एवं बालिका स्कूली क्रिकेट की खुली चयन प्रक्रिया 12 नवंबर 2025 (मंगलवार) को आयोजित की जाएगी। यह चयन ट्रायल साउथ रेलवे कॉलोनी मैदान, चुटिया, रांची में प्रातः 8:00 बजे से शुरू होगा।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों के लिए 21 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसके दौरान अंतिम झारखंड अंडर-19 क्रिकेट टीम का गठन किया जाएगा। यह टीम आगामी राष्ट्रीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता (SGFI) में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।

जानकारी के अनुसार, अंडर-19 बालक वर्ग की प्रतियोगिता 5 से 9 दिसंबर 2025 तक रोहतक (हरियाणा) में तथा अंडर-19 बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 1 से 6 जनवरी 2026 तक मध्य प्रदेश में आयोजित की जाएगी।

धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि इस ट्रायल का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करना है। इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होगा तथा वे आगे चलकर देश का प्रतिनिधित्व करने में सक्षम बन सकेंगे।

ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की जन्मतिथि 01 जनवरी 2007 या उसके बाद की होनी चाहिए। इसमें राज्य के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ भाग ले सकते हैं। ट्रायल हेतु एलिजिबिलिटी फॉर्म पर प्रधानाध्यापक या प्रभारी का हस्ताक्षर एवं फोटो अनिवार्य है। यह फॉर्म जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय अथवा जिला क्रिकेट संघ से प्राप्त किया जा सकता है।

खिलाड़ियों को ट्रायल के दिन अपने साथ आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, पिछले वर्ष का अंक पत्र एवं बोनाफाइड प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से लाना होगा। रिपोर्टिंग एवं रजिस्ट्रेशन का समय प्रातः 7:00 से 8:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद किसी भी खिलाड़ी का पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

ट्रायल लेदर बॉल से लिया जाएगा, अतः खिलाड़ियों को पूरा क्रिकेट किट साथ लाना आवश्यक है। साथ ही सभी खिलाड़ियों को सफेद यूनिफॉर्म (व्हाइट ड्रेस) और स्पोर्ट्स शू पहनकर आना अनिवार्य है।

👉 विभाग का लक्ष्य है कि “खेलो झारखंड” के माध्यम से विद्यालयों में खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जाए और राज्य के होनहार खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *