पूर्वी सिहंभूमि

घाटशिला उपचुनाव : पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने मुसाबनी में निकाली बाइक रैली

पूर्वी सिंहभूम, 9 नवंबर । पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के प्रचार का रविवार को अंतिम दिन है। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश के अनुसार शाम 5 बजे तक प्रचार प्रसार पूरी तरह थम जाएगा। जैसे-जैसे समय बीतता गया, प्रत्याशी और दलों के कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं तक पहुंचने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी।

इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने रविवार को मुसाबनी में बाबा तिलका मांझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने क्रॉसिंग से भाजपा कार्यकर्ताओं की बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने रैली में हिस्सा लिया और भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के समर्थन में नारे लगाए।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मधु कोड़ा ने कहा कि यह चुनाव “निर्णायक लड़ाई” है और इसमें हर कार्यकर्ता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हम सबको अंतिम मतदाता तक पहुंचना है और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान के लिए जागरूक करना है।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने झारखंड की मौजूदा हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों में जनता केवल वादे सुनती रही है, लेकिन धरातल पर विकास कहीं नजर नहीं आया। उन्होंने कहा कि सरकार की बोलनी और करनी में भारी अंतर देखा गया है। भ्रष्टाचार चरम पर है, सड़कें जर्जर हैं, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं, स्कूलों में शिक्षकों की कमी है और गरीब अब भी आवास से वंचित हैं।

मधु कोड़ा ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें जनता के बीच भाजपा की नीतियों और विकास के विजन को लेकर जाना है। उन्होंने कहा कि हमें निडर होकर हर सम्मानित मतदाता तक पहुंचना है और राज्य में एक ईमानदार व जवाबदेह शासन लाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।

दिनभर के अभियान के दौरान क्षेत्र में भाजपा की रैलियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों में उत्साह देखा गया। शाम पांच बजे के बाद सभी दलों के प्रचार कार्य बंद हो जाने के बाद अब मतदाता मतदान के दिन का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *