तोरपा क्रिकेट एकेडमी ने यंग स्टार को आठ विकेट से हराया
खूंटी, 8 नवंबर । जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित बी डिवीजन क्रिकेट लीग के दूसरे मैच में तोरपा क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यंग स्टार को 8 विकेट से पराजित किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए यंग स्टार की टीम 106 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से पार्थ कुमार ने 40 रन, काव्यांश ने 18 रन और अनुराग कुमार ने 10 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सके।
तोरपा की ओर से गेंदबाज अविनाश थापा ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि अंकित गोप और हर्ष रजवार ने दो-दो विकेट और सौरभ कुमार और गौरव कुमार ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए तोरपा क्रिकेट एकेडमी ने 16.4 ओवर में मात्र दो विकेट खोकर 107 रन बनाकर जीत हासिल की। टीम की जीत में हर्ष रजवार ने नाबाद 50 रनों की शानदार पारी खेली।
वहीं मोहित सिंह ने 18 रन, जबकि अंकित गोप और रंजीत बड़ाइक ने 13-13 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में यंग स्टार की ओर से विश्वजीत और धीरज ने एक-एक विकेट लिया। मैच में बल्ले और गेंद से उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विजेता टीम के हर्ष रजवार को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
