पलामू

गुरुनानक देव के 556वें प्रकाश पर्व को लेकर निकली भव्य शोभायात्रा

पलामू, 4 नवंबर। सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव के 556वें प्रकाश पर्व की पूर्व संध्‍या पर डालटनगंज के बेलवाटिका स्थित गुरूद्वारा से मंगलवार को श्री गुरुसिंह सभा के तत्वावधान में बाजे गाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा के आगे हाथ में तलवार लिए बड़े और छोटे पंज प्यारे चल रहे थे। फूलों से सुसज्जित रथ पर श्री गुरूग्रंथ साहिब की पालकी सजाई गई थी।

शोभायात्रा का विशेष आकर्षण पंजाब से आई गतका की टीम थी। गतका की टीम ने शहर के चौक चौराहों पर युद्ध कलाशैली को प्रस्तुत किया और कई हैरतंगेज करतब दिखाए। वहीं सिख स्त्री सत्संग की सदस्य गुरुवाणी का पाठ करते चल रही थी। बाल पंज प्यारे भी आकर्षण के साथ श्रद्धा का केन्द्र बने हुए थे। लोग पंज प्यारे का चरण छूकर आशीर्वाद ले रहे थे। बड़े पंज प्यारे सरदार जरनैल सिंह, प्रताप सिंह, मंजीत सिंह, उपेंद्र सिंह, उत्तम सिंह और छोटे पंज प्यारे अंशप्रीत सिंह, रणवीर सिंह, राजवीर सिंह, हरमीत सिंह, सतनाम सिंह शामिल थे।

शोभायात्रा में पुरुष और महिला पथ की सफाई करते और फूल बरसाते चल रहे थे। पूरा दृश्य मनमोहक लग रहा था। पटना से आया रागी जत्था गुरूवाणी करते चल रहा था।

इससे पूर्व बेलवाटिका स्थित गुरुद्धारे में दीवान सजाकर विशेष अरदास की गई। इसी के साथ तीन नवंबर से शुरू गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ का समापन हुआ।

शोभा यात्रा शहर के मुख्य मार्गों बेलवाटिका, नावाटोली, सद्दीक चौक, जिला स्कूल चौक, छहमुहान, कचहरी रोड, स्टेशन रोड का भ्रमण कर वापस गुरूद्वारा पहुंची।

शोभायात्रा के दौरान रास्ते में खुला मंच व्हाट्एसप ग्रुप, जायंट्स ग्रुप सहित कई संगठनों ने शिविर लगाकर कर चाय, बिस्कुट, जल वितरित किया।

जुलूस में दशमेश माडल स्कूल और गुरुकुलम पब्लिक स्कूल के बच्चे भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *