राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता में झारखंड के मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन, जीते एक रजत और दो कांस्य पदक
Ranchi : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की अगुवाई में गए झारखंड के बॉक्सिंग खिलाड़ियों ने 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता (SGFI) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक रजत और दो कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।
यह प्रतियोगिता खेलो इंडिया इनडोर स्टेडियम, ईटानगर (अरुणाचल प्रदेश) में 28 अक्टूबर से 3 नवम्बर 2025 तक आयोजित हुई। देशभर से विभिन्न राज्यों के प्रतिभावान मुक्केबाजों ने इसमें हिस्सा लिया।
झारखंड की ओर से आर्यन मुखी ने अंडर-17 बालक वर्ग के 46 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक, जबकि कनिष्क गोराई ने 63 किलोग्राम और मोहित गोप ने 66 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक प्राप्त किया।
टीम का नेतृत्व कोच अनुपम तिवारी, अनु कुमारी, मैनेजर प्रवीण यादव और हरिकेश सिंह ने किया।
झारखंड की इस उपलब्धि पर माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव श्री उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग एवं राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी दल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
अधिकारियों ने कहा कि यह सफलता झारखंड के उभरते खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का परिणाम है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।
