पलामू

सांसद खेल महोत्सव के लिए 12208 खिलाड़ियों का हुआ रजिस्ट्रेशन

पलामू, 1 नवंबर । सांसद खेल महोत्सव के लिए पलामू-गढ़वा के 12208 खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन हुआ है। दो नवंबर को हाफ मैराथन के साथ प्रतियोगिता शुरू होगी। सांसद विष्णु दयाल राम ने शनिवार को अपने आवास पर पत्रकारों को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सांसद खेल महोत्सव के तहत स्थानीय शिवाजी मैदान में दो नवंबर को सुबह 8 बजे हाफ मैराथन दौड़ होगी। पुलिस स्टेडियम तक इसका आयोजन होगा। इसके साथ सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत होगी। 21 दिसंबर तक प्रतियोगिता होगी। पलामू और गढवा के महिला-पुरूष 12208 खिलाड़ी पलामू मुख्यालय के साथ-साथ पलामू-गढ़वा के प्रखंडों में भी अलग-अलग प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके माध्यम से खेल प्रतिभा को सामने लाना है और उन्हें प्रोत्साहित करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित करके भेजना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके लिए सांसदों को विशेष रूप से निर्देशित किया है। कबड्डी, फुटबॉल, हॉकी, खो खो, बैडमिंटन, गतका, कराटे, एथलेटिक्स की प्रतियोगिता होगी। इसके लिए स्थल चयन कर लिया गया है। अलग अलग तिथि निर्धारित की गयी है। रेफरी और तकनीकी टीम का चयन किया गया है। खेल स्थल पर सुविधा भी बहाल की जायेगी।

इन आयोजनों पर 15 लाख रूपए से अधिक का खर्च होंगे। आर्थिक सहयोग लेकर इस आयोजन को पूरा किया जायेगा। फिलहाल सीसीएल ने 10 लाख रूपये दिए हैं, इसी तरह अन्य से भी सहयोग लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि बड़गड़ जैसे सुदूरवर्ती इलाके से लड़कियों की पांच, रंका से सात, रमकंडा से तीन, भंडरिया से एक टीम भाग लेगी। उन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पलामू और गढ़वा के लोगों से आग्रह किया है। सांसद ने कहा कि पहली बार इस तरह की प्रतियोगिता हो रही है।

मौके पर भारतीय जनता पार्टी के पलामू जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, शिव मिश्रा, ईश्वरीय पांडे सहित अन्‍य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *