Home

सुपर डिवीजन फुटबॉल : मेकॉन को हराकर टाइगर पहली बार बना चैंपियन

Rsnchi : छोटानागपुर एथलेटिक्स एसोसिएशन, रांची (सीएए) की ओर से आयोजित सुपर डिवीजन फुटबॉल 2025 का चैंपियन ब्लैक टाइगर बना। हटिया रेलवे ग्राउंड में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में ब्लैक टाइगर की टीम ने मेकॉन जैसी मजबूत टीम को 1-0 से हराकर पहली बार चैंपियन बनने का सपना पूरा किया। मैच के शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जोरदार खेल का प्रदर्शन कर लोगों का दिल जीत लिया। लगातार हो रहे बारिश के बीच खिलाड़ियों ने लगातार एक दूसरे के टीम पर हमला किया। पहले हाफ के खेल में दोनों ही टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे हाफ के खेल में ब्लैक टाइगर के खिलाड़ियों ने शानदार रणनीति बनाकर हमला करना शुरू किया। खेल के 51वें मिनट में सुमित ने एक बेहतरीन गोलकर ब्लैक टाइगर की टीम को 1-0 से आगे कर दिया। एक गोल से पिछड़ने के बाद मेकॉन के खिलाड़ियों ने भी गोल करने को लेकर लगातार हमला किए। लेकिन ब्लैक टाइगर टीम के मजबूत डिफेंस को भेद नहीं सके व मैच एक गोल से हार गए।

सुमित बने मैन ऑफ द मैच

टीम को जीत दिलाने में मुख्य भूमिका निभाने वाले सुमित को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुख्य अतिथि झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह सीएए के वर्किंग प्रेसिडेंट सुप्रीयो भट्‌टाचार्य ने चैंपियन टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किए। वहीं, उपविजेता मेकॉन टीम को जेएससीए कंट्री क्रिकेट क्लब के पूर्व उपाध्यक्ष फिरोज दिलावर खान, झामुमो नेता जुनैद आलम, खूंटी सांसद प्रतिनिधि शमसुद्दीन ने ट्रॉफी देकर सम्मान बढ़ाए। मौके पर सीएए के महासचिव आसिफ नईम, एचओआर फरीद खान, लुइस टोपनो, आरके सेनापति, लाल, अस्तानिस बिहान, टारजन सहित कई गणमान्य लोग शामिल थे।

झमाझम बारिश के बीच दर्शकों का उमड़ी भीड़

झमाझम बारिश के बीच हटिया रेलवे ग्राउंड में फाइनल मुकाबला को देखने के लिए फुटबॉल प्रेमियों का हुजूम उमड़ पड़ा। ग्राउंड की हर ओर सिर्फ दर्शक छाता लिए ही नजर आ रहे थे। 11 बजे से ही ग्राउंड में दर्शक पहुंचने लगे। ज्यादात्तर दर्शक ब्लैक टाइगर का सपोर्ट करते नजर आए। वहीं, रंगारंग कार्यक्रम व शानदार आतिशबाजी ने दर्शकों का मन मोह लिया। आदिवासी झारखंड ग्रुप की शहनाई व मांदर की गूंज ने फाइनल मैच में चार चांद लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *