Home

शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की हालत गंभीर, दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती

रांची, 07 अगस्त । झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत गंभीर बनी हुई है। उन्हें इलाज के लिए दिल्ली स्थित अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी सेहत की निगरानी कर रही है।

मुंबई और बेंगलुरु से पहुंचे विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपोलो अस्पताल की चिकित्सकीय टीम के साथ उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर विचार-विमर्श किया है। यदि उनकी स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं होता है, तो डॉक्टरों की टीम द्वारा शनिवार को ऑपरेशन किए जाने की संभावना जताई गई है।

एप्रिया टेस्ट से तय होगा अगला कदम
मंत्री के मस्तिष्क की सक्रियता और शरीर की प्रतिक्रियात्मक क्षमता जांचने के लिए ‘एप्रिया टेस्ट’ जरूरी है। तकनीकी कारणों से यह टेस्ट सोमवार और मंगलवार को नहीं हो पाया। अब यह परीक्षण बुधवार या गुरुवार को किए जाने की संभावना है। इसी टेस्ट के आधार पर डॉक्टर यह तय करेंगे कि जीवनरक्षक प्रणाली के बिना शरीर कितनी प्रतिक्रिया दे सकता है।

नेताओं का दिल्ली दौरा, हालचाल जाना
बुधवार को मंत्री रामदास सोरेन का हालचाल जानने के लिए भू-राजस्व मंत्री दीपक बिरूवा और झामुमो नेता बाघराय मार्डी के नेतृत्व में एक छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुँचा। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल में पहुंचकर परिजनों और डॉक्टरों से मुलाकात की और मंत्री की स्थिति की जानकारी ली।

झामुमो प्रवक्ता कुणाल षारंगी ने मीडिया को बताया कि “शिक्षा मंत्री की हालत गंभीर है, लेकिन स्थिर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम पूरी सतर्कता और नियमित निगरानी में इलाज कर रही है।” उन्होंने सभी से अफवाहों से दूर रहकर प्रार्थना करने की अपील की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *