राज्य स्थापना दिवस समारोह को लेकर खेलगांव में सुरक्षा तैयारियों का जायजा, आला अधिकारियों ने किया निरीक्षण
रांची। राज्य स्थापना दिवस समारोह के भव्य आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस महकमे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एडीजी मनोज कौशिक, आईजी पंकज कंबोज और नरेंद्र सिंह, डीआईजी इन्द्रजीत महथा तथा रांची एसएसपी राकेश रंजन ने खेलगांव परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग और यातायात प्रबंधन तक की तैयारियों की समीक्षा की।
सुरक्षा में चूक रोकने के लिए अतिरिक्त बल की होगी तैनाती
निरीक्षण के दौरान एडीजी मनोज कौशिक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मुख्य मंच, दर्शक दीर्घा और प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने को कहा। साथ ही पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के निर्देश दिए।
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए बनेगा विशेष रूट चार्ट
रांची एसएसपी राकेश रंजन ने समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष रूट चार्ट तैयार करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य आम लोगों और कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों को जाम की परेशानी से बचाना है।
उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती करने तथा डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते से नियमित जांच कराने की बात कही। निरीक्षण के दौरान रांची पुलिस के कई वरीय पदाधिकारी और विभिन्न थानों के प्रभारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने पूरे खेलगांव परिसर का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। साथ ही तय समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम और मानकों को पूरा करने का निर्देश दिया।
